Agra news-
आगरा- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को आगरा में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों और टोरेंट पावर को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि डीवीवीएनएल (दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड) के बकायेदारों का कनेक्शन काटने का अधिकार टोरेंट पावर के पास नहीं है। बिना अधिकार के कनेक्शन काटने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, इसलिए टोरेंट को यह कार्रवाई तत्काल बंद करनी होगी।
जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़कों की सही तरीके से मरम्मत होना जरूरी है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि 2 अक्टूबर को होने वाली समीक्षा बैठक में प्रगति रिपोर्ट लेकर आना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों पर बरसी नाराजगी
बैठक में कई अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने और नोटिस जारी कर जवाब तलब करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
सड़कों और किसानों से जुड़े निर्देश
- बरसात से खराब हुई सड़कों का युद्धस्तर पर सर्वे कराकर मरम्मत कराई जाए।
- जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लेकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य हो।
- राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का 45 दिनों में निस्तारण अनिवार्य है।
- बाढ़ प्रभावित किसानों का मुआवजा वितरण तेजी से किया जाए और भूमि कटान रोकने के स्थायी समाधान पर प्रस्ताव भेजा जाए।
अन्य अहम बातें
- डीवीवीएनएल के संविदा कर्मचारियों का सत्यापन कराया जाए, अपराधी प्रवृत्ति वाले कर्मचारियों की संविदा तुरंत खत्म हो।
- किसान सम्मान निधि सही तरीके से वितरित हो।
- चकबंदी लेखपालों की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की जाए।
- बेसहारा गोवंश सड़कों पर दिखने पर जिम्मेदार अधिकारियों को उत्तरदायी ठहराया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात
समीक्षा बैठक के बाद सर्किट हाउस में भारी भीड़ उमड़ी। उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आज दिखाएंगे झंडी
रविवार सुबह उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एकलव्य स्टेडियम से नमो रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में 40 मिनट रहने के बाद वह खेरिया एयरपोर्ट से लखनऊ रवाना होंगे।
और पढ़ेंः सर्किल रेट बढ़ने के बाद निबंधन विभाग को झटका, बैनामों में भारी गिरावट